टीवी सीरियल्स की दुनिया में इन दिनों जबरदस्त ड्रामा देखने को मिल रहा है. आने वाले एपिसोड्स में कहीं रिश्तों में दरार आएगी, तो कहीं साजिश और हादसे कहानी को नया मोड़ देंगे. कई शोज में ऐसे ट्विस्ट आने वाले हैं, जिन्हें देखकर दर्शक भी हैरान रह जाएंगे. आइए जानते हैं टीवी शोज के 5 बड़े अपकमिंग स्पॉइलर और ट्विस्ट.
‘अनुपमा’
रुपाली गांगुली के पॉपुलर शो ‘अनुपमा’ के अपकमिंग एपिसोड में कुकिंग कॉम्पिटिशन के दौरान बड़ा ट्विस्ट देखने को मिलेगा. फाइनल राउंड में अनुपमा पर चीटिंग का आरोप लगेगा और गौतम जजों के सामने उसका बड़ा राज खोल देगा कि उसे खाने का स्वाद महसूस नहीं हो रहा है. वहीं, जजों के कहने पर अनुपमा और प्रेम को एक-दूसरे की डिश चखनी पड़ेगी. इसके बाद अनुपमा को कुछ गुजराती मेहमानों के लिए खाना बनाने का ऑर्डर मिलेगा, जहां अचानक प्रेम की एंट्री हो जाएगी. अनुपमा उससे बचने के लिए अपनी पहचान छिपाएगी, लेकिन प्रेम को खाने का स्वाद जाना-पहचाना लगेगा. दूसरी ओर, किंजल की गिरफ्तारी के बाद परितोष अनुपमा से रिश्ता तोड़ देगा और शाह परिवार भी उसका साथ छोड़ देगा.
ये भी पढ़ें:- ‘दिल धड़कने दो’ से लेकर ‘जोश’ तक, भाई-बहन के रिश्ते की खूबसूरती दिखाती हैं बॉलीवुड की ये 7 फिल्में
‘वसुधा’
जी टीवी के शो ‘वसुधा’ की कहानी बेहद इमोशनल मोड़ पर पहुंचने वाली है. देवांश वसुधा के बिना खुद को अकेला महसूस करेगा और उसे लगातार याद करेगा. इसी बीच वसुधा का भयानक एक्सीडेंट हो जाएगा, जिससे पूरा चौहान परिवार सदमे में आ जाएगा. वसुधा को इस हालत में देखकर चंद्रिका भी अपना सख्त रवैया भूलकर भावुक हो जाएगी. वहीं, हादसे के बाद देवांश और वसुधा के प्यार का भी इम्तिहान होगा. परिवार की शांति के लिए वसुधा चंद्रिका से देव से दूर जाने का वादा कर सकती है. दूसरी तरफ, प्रभात की तलाश में पुलिस के साथ देव भी जुट जाएगा और उसकी खोज तेज की जाएगी.
‘गंगा माई की बेटियां’
जी टीवी के लोकप्रिय शो ‘गंगा माई की बेटियां’ के आने वाले एपिसोड में इंदु और पूर्वी की साजिश से घर में बड़ा हंगामा देखने को मिलेगा. घर के एक फंक्शन के दौरान शगुन की थाल में टोना-टोटका और तंत्र-मंत्र का सामान मिलने से माहौल बिगड़ जाएगा. मामला यहीं नहीं रुकेगा, बल्कि मधु पर हुए जानलेवा हमले का इल्जाम भी घर की बहू पर लगाया जाएगा. वहीं, सिद्धू का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच जाएगा. वो साफ कहेगा कि मधु की हालत के लिए जो भी जिम्मेदार है, उसे घर से ही नहीं बल्कि अपने दिल से भी हमेशा के लिए निकाल देगा. दूसरी ओर, इंदु रानी और पूर्वी की नई चाल स्नेहा की मुश्किलें और बढ़ा देगी और पूरा परिवार एक नए जाल में फंसता नजर आएगा.
‘तुम से तुम तक’
टीवी शो ‘तुम से तुम तक’ के अपकमिंग एपिसोड में अनु और आर्यावर्धन की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं. गायत्री मां अनु के सामने मायके और ससुराल में से किसी एक को चुनने की शर्त रखेंगी. ये सुनकर अनु बुरी तरह टूट जाएगी और मां के पैरों में गिरकर रोते हुए उनसे ऐसा फैसला लेने के लिए मजबूर न करने की गुहार लगाएगी. गायत्री के इस रवैये से आर्यावर्धन भी अंदर से टूट जाएगा और खुद को बेबस महसूस करेगा. वहीं, मीरा की चाल का असर साफ दिखाई देगा. उसके भड़काने पर मानसी आर्यावर्धन पर घर का बड़ा बेटा होने का सिर्फ दिखावा करने का आरोप लगाएगी. दूसरी तरफ, परिवार में चल रहे इस तनाव के बीच आर्यावर्धन झेंडे के साथ अपनी बिजनेस डील्स संभालने में जुटा रहेगा.
‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’
स्मृति ईरानी के शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के अपकमिंग एपिसोड में शांतिनिकेतन में ड्रामा और बढ़ने वाला है. तृप्ति 10 साल पुराना एक बड़ा राज सामने लाएगी, लेकिन वो इस सच को इस तरह पेश करेगी कि करण और नंदिनी के रिश्ते में गलतफहमियां पैदा हो जाएं. वहीं, शांतिनिकेतन में अपनी जगह बनाने के बाद तृप्ति अब तुलसी और मिहिर के खिलाफ नई चाल चलने की तैयारी में है. दूसरी तरफ, तुलसी नंदिनी की जिंदगी को दोबारा पटरी पर लाने के लिए उसकी शादी करवाने की प्लानिंग करेगी, लेकिन परिवार का ही कोई सदस्य उसके रास्ते में मुश्किल खड़ी कर सकता है. इस बीच साहिल भी परिवार को तोड़ने की कोशिशों के खिलाफ आवाज उठाएगा और तृप्ति को करारा जवाब देता नजर आएगा.
ये भी पढ़ें:- ऋतिक रोशन से रणबीर कपूर तक, बहनों पर जान छिड़कते हैं ये बॉलीवुड एक्टर्स

