जाने-माने एक्टर दर्शन जरीवाला इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ की वजह से चर्चा में हैं. दरअसल इस साल जुलाई में, दर्शन की अलग हो चुकी पत्नी और एक्ट्रेस अपरा मेहता ने दावा किया था कि दर्शन ने उन्हें ‘सबसे बदसूरत औरत’ कहा था. मेहता ने यह भी बताया था कि दर्शन ने उन्हें ये कहकर छोड़ा था कि ‘अब उन्हें उनसे प्यार नहीं रहा’.
वहीं अब दर्शन ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ी है और अपनी अलग हो चुकी पत्नी के आरोपों का जवाब दिया है. बता दें कि अपारा और दर्शन 23 सालों से अलग-अलग रह रहे हैं. हालांकि उन्होंने कभी कानूनी तौर पर तलाक नहीं लिया है.
अपरा मेहता के आरोपों का दर्शन जरीवाला ने दिया जवाब
दरअसल सिद्धार्थ कन्नन के साथ हाल ही में हुई बातचीत में दर्शन जरीवाला ने कहा कि इतने सालों में अपारा की यादें शायद बदल गई होंगी. सीनियर एक्टर ने कहा कि वह किसी महिला से कभी यह नहीं कह सकते कि वह बदसूरत है. हालांकि, उन्हें अपारा के ‘विक्टिम कार्ड’ खेलने से कोई दिक्कत नहीं है.
उन्होंने कहा, “एक न्यूरोलॉजिकल घटना होती है जिसमें समय के साथ किसी घटना के बारे में आपकी यादें बदलती रहती हैं. मैं बहुत आराम से कह सकता हूं कि यह गलत याददाश्त (फॉल्स मेमोरी) का मामला है. जिस तरह से यह बात बताई गई है, वैसा कुछ हुआ ही नहीं था. मैं ऐसा इंसान नहीं हूं जो किसी साधारण दिखने वाली महिला से भी यह कहे कि वह बदसूरत है. यह कहना बहुत बेतुकी बात होगी. अगर मैं खुद को अच्छी तरह जानता हूं, तो मैं इस बारे में बात करूंगा कि कोई व्यक्ति अंदर से कैसा है, न कि बाहर से कैसा दिखता है.”
दर्शन ने अपरा पर उठाए सवाल
जरीवाला ने कहा कि मेहता का “विक्टिम कार्ड खेलने” के लिए “पूरा वेलकम” है, लेकिन उन्होंने कहा कि वह अपने अतीत से आगे बढ़ चुके हैं और आज अपनी ज़िंदगी से “बहुत खुश” हैं. एक्टर 2010 से इंटीरियर डिज़ाइनर और आर्किटेक्ट अनाहिता इटालिया के साथ रिलेशनशिप में हैं. अलग होने के इतने सालों बाद ये आरोप क्यों सामने आए, इस पर सवाल उठाते हुए जारीवाला ने कहा, “मैं सोच भी नहीं सकता कि अलग होने के 23 साल बाद वह इन चीजों के बारे में क्यों बात करना चाहती हैं. और इससे पहले कभी नहीं! अगर यह इतिहास है, और उन्हें इसे मीडिया के सामने लाने का मौका मिला था, तो अब क्यों?”
‘मैं अपना सच जानता हूं’
उन्होंने आगे कहा कि वह सिर्फ अपनी बात कह सकते हैं और मेहता के इरादों के बारे में कुछ नहीं कह सकते. दर्शन ने कहा, “हम उनके दिमाग में बैठकर जज नहीं कर सकते. मैं अपना सच जानता हूं. मेरा सच मेरा सच है. झूठ की कोई सीमा नहीं होती. मैं उनके मकसद का अंदाजा भी नहीं लगा सकता.”
जरीवाला ने आगे कहा, “जो लोग मुझे सच में जानते हैं, उन्हें पूरी कहानी अच्छी तरह पता है क्योंकि मेरा वर्जन नहीं बदलता. सच के अलग-अलग वर्जन नहीं होते.”
ये भी पढ़ें:-‘टॉक्सिक’ ने ओपनिंग वीक पर किया कमाल, ‘धुरंधर’ से ‘छावा’ तक इन 10 फिल्मों को चटाई घूल
दर्शन ने बताई अपरा से अलग होने की वजह
अलग होने की वजह बताते हुए दर्शन ने कहा कि 1982 में शादी के बाद धीरे-धीरे दोनों की प्रायोरिटीज और नजरिए अलग हो गए थे. उन्होंने कहा कि निजी हालात, करियर और आर्थिक स्थिति में बदलाव ने भी उनके रिश्ते के टूटने में भूमिका निभाई.दर्शन ने कहा, “दो लोग अलग-अलग तरह से डेवलेप होते हैं। अगर आप दो पौधे एक साथ लगाएं, तो वे अलग-अलग तरह से बढ़ेंगे. उनकी प्रायोरिटीज अलग थीं, मेरी अलग थीं. मेरे हालात बदल गए क्योंकि मैं एक असफल बिजनेस वेंचर में शामिल था. यहां तक कि अपने करियर को लेकर हमारी सोच भी अलग थी. इसलिए, हमने अपनी बेटी को सबसे अच्छा बचपन देने की कोशिश की. इस मामले में हम बहुत क्लियर थे. कभी-कभी रिश्तों में बदलाव आते हैं.”
क्यों नहीं हुआ दर्शन और अपरा का तलाक?
दर्शन ने इस बात पर भी बात की कि उनकी शादी कानूनी रूप से क्यों खत्म नहीं हुई। उनके मुताबिक, उन्होंने तलाक की प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन वह पूरी नहीं हो पाई. एक्टर ने कहा, “मैंने तलाक के डॉक्यूमेंट्स तो दाखिल किए थे, लेकिन जज ने अर्जी खारिज कर दी. उसने अपनी सहमति नहीं दी.” उन्होंने आगे कहा, “वह तलाक के लिए राजी हो गई थी, लेकिन आखिरी समय में जज के सामने उसने अपना मन बदल लिया. शायद वह एक अच्छी और विक्टिम महिला का किरदार निभा रही है.”
एक्टर ने सांताक्रूज़ वेस्ट स्थित अपना घर छोड़ने और मेहता व अपनी बेटी को वहां रहने देने की बात भी याद की. यह बताते हुए कि वह “बस घर से निकल आए थे ” दर्शन ने कहा कि उन्होंने उन्हें वह सब दे दिया जो वह दे सकते थे. उन्होंने कहा, “उसे देने के लिए मेरे पास बस इतना ही था. अगर किसी को एलिमनी मांगना चाहिए था, तो वह मैं होता क्योंकि मैं उन हालात से गुजर रहा था. लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ.”
ये भी पढ़ें:-मंगलवार को ‘हनुमान अंश’ ने किया चमत्कार, ‘टॉक्सिक’ ने भी दिखाई तेजी, जानें-‘आवारापन 2’-‘इरुमुडी’ का हाल

