ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स की पॉपुलर वेब सीरीज ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ इन दिनों काफी चर्चा में है. कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना के ऑपरेशन पर बनी इस सीरीज को दर्शक खूब पसंद कर रहे हैं. आम लोगों से लेकर जानी-मानी हस्तियां तक इसकी तारीफ कर रही हैं. अब इस लिस्ट में भारतीय क्रिकेट टीम के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का नाम भी शामिल हो गया है.
सचिन तेंदुलकर ने देखी ‘ऑपरेशन सफेद सागर’
सचिन तेंदुलकर ने हाल ही में सीरीज ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ देखी. सीरीज देखने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना रिव्यू शेयर किया और भारतीय वायुसेना के जवानों की जमकर तारीफ की. उन्होंने जवानों की बहादुरी, अनुशासन और बलिदान को याद करते हुए उनके प्रति आभार जताया. बता दें कि सचिन खुद भी भारतीय वायुसेना से जुड़े हुए हैं. साल 2010 में भारतीय वायुसेना ने उन्हें ग्रुप कैप्टन की मानद रैंक से सम्मानित किया था.
उन लोगों की जिंदगी हमसे कितनी अलग होती है…
सचिन तेंदुलकर ने सीरीज देखने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर शेयर की. उन्होंने लिखा, ‘डियर भारतीय वायुसेना अभी-अभी ऑपरेशन सफेद सागर देखी. इसे देखने के बाद मैं सोचने लगा कि उन लोगों की जिंदगी हमसे कितनी अलग है, जो वहां रहकर हर पल दबाव और अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं. वहीं, हम चैन की नींद सो पाते हैं और अपनी रोजमर्रा की जिंदगी आराम से जीते हैं.’
Dear @IAF_MCC,
Just finished watching Operation Safed Sagar. It made me think about how different life is for the people who are out there, carrying the pressure and uncertainty, while the rest of us are able to sleep peacefully and carry on with our everyday lives.
I had met… pic.twitter.com/vbwzmpxIUx
— Sachin Tendulkar (@sachin_rt) September 1, 2026
उन्होंने आगे लिखा, ‘मैं कई साल पहले एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ से मिला था. अब ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ देखने और ये जानने के बाद कि कारगिल के दौरान उन्होंने और कई दूसरे जवानों ने किन हालात का सामना किया था, उस मुलाकात को लेकर मेरे मन में सम्मान और भी बढ़ गया है. उनकी बहादुरी असाधारण है. इसके पीछे का अनुशासन और मानसिक मजबूती भी उतनी ही काबिल-ए-तारीफ है.’
ये भी पढ़ें:- Bigg Boss 20 में होगी मनोज तिवारी की बेटी की एंट्री, सलमान के शो में रीति तिवारी का नाम कंफर्म
मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं…
सचिन ने आगे लिखा, ‘मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि मैं भारतीय वायुसेना से जुड़ा हूं और उसके मूल्यों को समझने का मौका मिला है. इस कहानी को देखने के बाद मेरे मन में उनके लिए आभार और भी बढ़ गया है. हम सभी के लिए आप जो कुछ भी करते हैं, उसके लिए आपका धन्यवाद. जय हिंद.’
‘ऑपरेशन सफेद सागर’ की कहानी
‘ऑपरेशन सफेद सागर’ कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना की भूमिका और ‘गोल्डन एरोज’ स्क्वाड्रन के जवानों की कहानी पर आधारित है. सीरीज में युद्ध के दौरान जवानों के सामने आई चुनौतियों के साथ उनकी निजी जिंदगी और मानसिक दबाव को भी दिखाया गया है. इसे ओनी सेन ने डायरेक्ट किया है. इसमें सिद्धार्थ, जिम्मी शेरगिल, प्राजक्ता कोली, आदिल हुसैन और अभय वर्मा जैसे एक्टर्स नजर आ रहे हैं.
ये भी पढ़ें:- ‘महिलाओं के कम कपड़े पहनने में क्या दिक्कत है?’, कृति सेनन के ऐड विवाद पर रघु राम ने तोड़ी चुप्पी

