प्राइम वीडियो के रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स सीजन 2’ में आए दिन जबरदस्त ड्रामा, सस्पेंस और कई चौंकाने वाले ट्विस्ट देखने को मिल रहे हैं. इस सीजन में कई जाने-माने चेहरे नजर आ रहे हैं. शो के पहले तीन एपिसोड रिलीज हो चुके हैं और गेम भी काफी दिलचस्प होता जा रहा है. इसी बीच शो का एक डिलीटेड सीन सामने आया है, जिसमें शालिनी पासी ने मल्लिका शेरावत की ड्रेस को लेकर सवाल खड़े किए हैं.
मल्लिका शेरावत की ड्रेस पर शालिनी पासी ने उठाया सवाल
सामने आए वीडियो में मल्लिका शेरावत ग्रीन कलर की ड्रेस पहने नजर आ रही हैं. वो बाकी कंटेस्टेंट्स को बताती हैं कि उन्होंने ‘डोल्से’ (Dolce) ड्रेस पहनी है. इसके बाद शालिनी पासी, रिदा थराना और रिया चक्रवर्ती के साथ बैठकर मल्लिका की ड्रेस को लेकर बात करती हैं. शालिनी दावा करती हैं कि उन्होंने कुछ समय पहले ही Dolce की ग्रीन और गोल्डन कलर की ड्रेस पहनी थी, लेकिन मल्लिका की ड्रेस उन्हें वैसी नहीं लगी.
शालिनी पासी ने पकड़ा मल्लिका शेरावत की झूठ?
शालिनी कहती हैं, ‘मैंने उसका माइक ठीक करने के लिए हाथ लगाया था और तभी मैंने ब्रांड देखा. वो झूठ बोल रही हैं. मैंने 17-18 साल की उम्र से ये ड्रेस पहनी हैं. मेरे पास इनकी तस्वीरें भी हैं, मैं आपको भेज सकती हूं. मैंने वर्साचे कॉउचर और एली साब की ड्रेस भी पहनी है. ये वो ड्रेस नहीं है.’ शालिनी की इस बात के बाद ये सवाल उठ रहा है कि क्या मल्लिका ने सच में Dolce की ड्रेस पहनी थी या नहीं.
ये भी पढ़ें:- शूटिंग के दौरान कार्तिक आर्यन के घुटने में लगी चोट, अस्पताल में भर्ती, जल्द होगी सर्जरी
मुनव्वर फारूकी का नाम भूल गई थीं शालिनी पासी
शो की शुरुआत से ही शालिनी पासी अपने बेबाक अंदाज को लेकर चर्चा में हैं. पहले दिन जब मुनव्वर ने अपना इंट्रोडक्शन दिया था, तो शालिनी उनका नाम ठीक से सुन नहीं पाई थीं. उन्होंने उनका नाम ‘मुन्नवर फाल्गुनी’ समझ लिया था. इसके बाद उन्होंने मुनव्वर से पूछा था कि वो क्या काम करते हैं और क्या वो सिंगर हैं.
‘द ट्रेटर्स सीजन 2’ में दिख रहे ये सेलेब्स
‘द ट्रेटर्स सीजन 2’ में फिलहाल 18 कंटेस्टेंट्स गेम का हिस्सा हैं. इनमें आदित्य कुलश्रेष्ठ (कुल्लू), अभिषेक मल्हान, अंश चोपड़ा, हारमन सिंघा, इक्का सिंह, क्रिस्टल डिसूजा, मल्लिका शेरावत, पारुल गुलाटी, प्रिश, रणवीर बराड़, रिया चक्रवर्ती, रिदा थराना, साहिल सलाथिया, शहनील गिल, शालिनी पासी, श्वेता तिवारी, साउंडस मौफाकिर और तान्या पुरी शामिल हैं. वहीं, मुनव्वर फारूकी, दलीप ताहिल, करण सिंह मैजिक और हरमन सिंघा शो से बाहर हो चुके हैं. ‘द ट्रेटर्स सीजन 2’ को आप अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं.
ये भी पढ़ें:- बेटे युग संग त्र्यंबकेश्वर मंदिर पहुंचे अजय देवगन, लिया भगवान शिव का आशीर्वाद


