अगर आप इस हफ्ते ओटीटी पर कुछ नया देखने का प्लान बना रहे हैं, तो तमिल और तेलुगु सिनेमा की ये फिल्में आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकती हैं. 28 अगस्त को तीन ऐसी फिल्में अलग-अलग ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होने जा रही हैं, जिनमें थ्रिलर, सोशल ड्रामा और रोमांटिक कॉमेडी जैसे अलग-अलग जॉनर देखने को मिलेंगे.
‘न्यूटन 3rd लॉ’
सुमंत, जगपति बाबू और रवि वर्मा जैसे सितारों से सजी तेलुगु फिल्म ‘न्यूटन 3rd लॉ’ 31 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. राजेश कर्ण के निर्देशन में बनी इस फिल्म में नेहा पाथन, कार्तिक रत्नम, शेली कुमार और गौतम पंडिती जैसे एक्टर्स भी नजर आए थे. इस थ्रिलर ड्रामा को आप 28 अगस्त 2026 से नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं.
‘न्यूटन 3rd लॉ’ की कहानी एक अजीब घटना के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका कनेक्शन एक अनजान शख्स से है. फिल्म में न्यूटन के तीसरे नियम को इंसानी फैसलों और उनके नतीजों से जोड़ा गया है. यानी हर एक काम का कोई न कोई असर जरूर होता है. कहानी आज के समय से लेकर 1990 के दशक के आखिरी दौर के बीच आती-जाती रहती है. एक डायरी के जरिए कई पुराने राज सामने आने लगते हैं. धीरे-धीरे तीन अलग-अलग लोगों की जिंदगी एक ऐसी घटना से जुड़ जाती है, जिसके बाद कहानी एक नया मोड़ लेती है.
ये भी पढ़ें:- ‘मैं इनोसेंट थी और इनोसेंट रहूंगी’, ‘द ट्रेटर्स 2’ से एविक्शन के बाद इमोशनल हुईं रिया चक्रवर्ती
‘आकाली राज्यम’
नीलगिरी ममिल्ला के डायरेक्शन में बनी सोशल ड्रामा फिल्म ‘आकाली राज्यम’ 28 अगस्त 2026 से ओटीटी प्लेटफॉर्म आहा वीडियो पर स्ट्रीमिंग के लिए तैयार है. इसमें विकास वशिष्ठ, गीत सायिनी और राजेश खन्ना जैसे कलाकार लीड रोल में हैं. ‘आकाली राज्यम’ तीन दोस्तों की कहानी है, जो बेहतर भविष्य की तलाश में हैदराबाद आते हैं, लेकिन यहां उन्हें बेरोजगारी, लगातार नौकरी के लिए रिजेक्शन और समाज के दबाव का सामना करना पड़ता है.
मुश्किल हालात के बीच तीनों एक-दूसरे का साथ देते हैं. सिस्टम से परेशान होने के बावजूद वो हार नहीं मानते और एक नए यूथ मूवमेंट की शुरुआत करते हैं. आगे चलकर यही कोशिश उनकी परेशानियों को नए मौकों में बदलने का रास्ता बनती है. फिल्म युवाओं की बेरोजगारी और उनके सामने आने वाली चुनौतियों को दिखाती है.
‘अनबे डायना’
पारि एलावाझगन और रम्या रंगनाथन की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘अनबे डायना’ 28 अगस्त 2026 को ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर दस्तक दे रही है. इसमें चेतन, रोजा, परिताभंगल गोपी, सेल मुरुगन, निखिला शंकर और इस्मथ बानू जैसे एक्टर्स नजर आए. पारि एलावाझगन ने फिल्म का निर्देशन किया है. ‘अनबे डायना’ एक रोमांटिक कॉमेडी है, जिसकी कहानी चेन्नई के रहने वाले सीता कृष्णा के इर्द-गिर्द घूमती है. कृष्णा एक पारंपरिक परिवार से है और लंबे समय से मैजिक डायना नाम की एक मॉडर्न एंग्लो-इंडियन आईटी प्रोफेशनल से प्यार करता है.
जब डायना भी कृष्णा के लिए अपने प्यार का इजहार करती है, तो उसके सामने एक मुश्किल खड़ी हो जाती है. उसकी मां चाहती है कि वो अपनी ही कम्युनिटी में शादी करे. परिवार की बात मानकर कृष्णा अरेंज्ड एंगेजमेंट के लिए तैयार हो जाता है, लेकिन जल्द ही उसे अपने फैसले पर पछतावा होने लगता है. इसके बाद कृष्णा अपने दोस्त बाबा की मदद से अपनी सगाई तोड़ने और डायना को वापस पाने की कोशिश करता है. इस दौरान कई गलतफहमियां और शादी से जुड़े मजेदार ड्रामे देखने को मिलते हैं.
ये भी पढ़ें- ‘धुरंधर 2’ से होता क्लैश तो ‘टॉक्सिक’ पहले दिन ही फ्लॉप थी’, यश की फिल्म को लेकर यूजर्स ने कहा ये

