\

कौन हैं अरुणाचल की चेल्लो मीम? ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में समय रैना को जमकर किया रोस्ट


‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में अक्सर समय रैना कंटेस्टेंट्स की टांग खींचते नजर आते हैं, लेकिन इस बार एक कंटेस्टेंट ने उन्हीं को अपने जवाबों से ऐसा घेरा कि कॉमेडियन भी कुछ देर के लिए चुप हो गए. ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ सीजन 2 के हालिया एपिसोड में अरुणाचल प्रदेश की इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर चेल्लो मीम पहुंचीं. इस दौरान उन्होंने अपने बेबाक और बेहद शांत अंदाज में दिए जवाबों से समय रैना को जमकर रोस्ट किया. इस एपिसोड में ओरी, अर्चना पूरन सिंग, निशांत सूरी और शैरोन वर्मा भी पैनल का हिस्सा थे.

शुरुआत में किया नॉर्थईस्ट के लोगों पर रैप
चेल्लो मीम ने शो में अपनी शुरुआत एक रैप से की, जिसमें उन्होंने नॉर्थईस्ट के लोगों के साथ होने वाले नस्लीय भेदभाव की बात की. उन्होंने बताया कि कैसे नॉर्थईस्ट के लोगों को कई बार गलत तरीके से “चीनी” कह दिया जाता है. इसके बाद समय रैना के साथ उनकी बातचीत शो के सबसे मजेदार हिस्सों में से एक बन गई.

समय रैना ने पूछा ये सवाल
जब समय रैना ने चेल्लो मीम से पूछा कि अरुणाचल प्रदेश में लोग उनके बारे में क्या कहते हैं, तो चेल्लो ने बिना कोई झिझक के जवाब दिया, ‘कुछ नहीं.’ उनका जवाब सुनकर समय ने मजाकिया अंदाज में अपना दुख जाहिर किया, वहीं सेट पर मौजूद सभी लोग हंसने लगे. हालांकि, चेल्लो ने तुरंत सफाई देते हुए कहा, ‘नहीं, मैं इसे बुरे तरीके से नहीं कह रही हूं. मैं सच में बता रही हूं, वो आपके बारे में कुछ नहीं कहते.’ इसके बाद जब समय ने कहा कि चेल्लो ने उनका दिल दुखा दिया, तो उन्होंने बेझिझक जवाब दिया, ‘लेकिन मैं तो सिर्फ सच बता रही हूं.’

ओरी ने पूछा- मेरे बारे में क्या कहते हैं?
इसके बाद ओरी ने भी चेल्लो से वही सवाल पूछ लिया. उन्होंने कहा, ‘मेरे बारे में क्या कहते हैं?’ इस पर चेल्लो ने जवाब दिया, ‘वो पूछते हैं कि ओरी क्या करता है? ये इतनी सारी सेलिब्रिटीज के साथ तस्वीरें क्यों खिंचवाता है?’ चेल्लो का जवाब सुनकर ओरी ने मजाकिया अंदाज में समय से कहा, ‘देखो, मैं तुमसे बड़ा हूं.’ इस पर समय भी कहां पीछे रहने वाले थे. उन्होंने तुरंत पलटकर जवाब दिया, टकम से कम मेरे बारे में वो कुछ नहीं कहते. तुम्हारे बारे में तो लोग पूछते हैं कि ये आदमी करता क्या है?’

समय को फिर मिला वही जवाब
चेल्लो के जवाब से समय का मन नहीं भरा, इसलिए उन्होंने एक बार फिर उनसे पूछा कि क्या वाकई अरुणाचल प्रदेश में लोग उनके बारे में कुछ नहीं कहते. चेल्लो ने इस बार भी बिना घुमाए-फिराए वही जवाब दिया, ‘कुछ नहीं.’ इसके बाद समय ने मजाक करते हुए कहा कि अगर वो अरुणाचल प्रदेश में अपना शो करें तो क्या उनका शो हाउसफुल हो जाएगा. इस पर चेल्लो ने कहा, ‘मुझे नहीं पता कि वे आपके जोक्स समझेंगे भी या नहीं.’ चेल्लो की बात सुनकर समय ने हैरानी जताते हुए पूछा, ‘क्यों? मैंने अरुणाचल प्रदेश का क्या बिगाड़ दिया है?’

‘मैं रोस्ट करने नहीं आई थी…’
इसके बाद समय ने तुरंत पूछा, ‘फिर आप मेरे बारे में अच्छी बातें क्यों नहीं कहतीं?’ इस पर चेल्लो ने भी बिना घुमाए-फिराए जवाब दिया, ‘सिर्फ इसलिए कि आप लोगों को हंसाते हैं, इसका मतलब ये नहीं है कि हमें आपको अच्छा कहना पड़ेगा.’ चेल्लो ने बताया कि वो शो में समय को रोस्ट करने के इरादे से नहीं आई थीं. उन्होंने कहा, ‘मैं यहां ये सोचकर नहीं आई थी कि मैं आपको रोस्ट करूंगी. मैं तो बस सच बता रही हूं.’ समय ने मजाक में कहा कि चेल्लो उन्हें ‘स्लॉटर’ करने आई हैं. इस पर उन्होंने भी मजेदार अंदाज में जवाब दिया कि वो ‘सबकी तरफ से बदला लेने’ आई हैं.

इसके बाद समय ने चेल्लो से निशांत सूरी को भी इंसल्ट करने के लिए कहा. हालांकि, चेल्लो ने साफ मना कर दिया और कहा, ‘नहीं. मैं सिर्फ उन्हीं लोगों से कहती हूं, जो इसके लायक होते हैं.’ चेल्लो के जवाबों से समय भी आखिरकार मान गए कि अब उन्हें समझ आ गया है कि उनके सामने बैठकर ऐसे जोक्स सुनना कैसा लगता है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘आज मुझे समझ आया कि उस तरफ खड़े होकर कैसा लगता है. ये बहुत मेहनत का काम है.’

ये भी पढ़ें:- ‘टॉक्सिक’ को मिले निगेटिव रिव्यू, सपोर्ट में आए ऋषभ शेट्टी, यश की तारीफ में कहा ये

समय रैना ने दिए 5 नंबर
चेल्लो को शो में मौजूद चारों पैनलिस्ट्स ओरी, अर्चना पूरन सिंह, निशांत सूरी और शेरोन वर्मा ने पूरे 10 नंबर दिए. वहीं, समय ने उन्हें सिर्फ 5 नंबर दिए. हालांकि, समय का कम स्कोर देना भी एक सोची-समझी चाल थी. दरअसल, समय ने पहले ही अंदाजा लगा लिया था कि चेल्लो खुद को 9 नंबर देंगी. ऐसे में चारों पैनलिस्ट्स के 10-10 नंबर और समय के 5 नंबर मिलाकर उनका औसत ठीक 9 रहा. इस तरह चेल्लो का स्कोर उनके खुद के अनुमान से मैच हो गया और वो एपिसोड की विनर बन गईं. जीत के बाद चेल्लो को 1 लाख रुपये मिले.

कौन हैं चेल्लो मीम?
चेल्लो मीम सोशल मीडिया पर नई नहीं हैं. वो साल 2021 में पहली बार सुर्खियों में आई थीं. उस वक्त वो 19 साल की थीं. उन्होंने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि गुवाहाटी के ISBT में एक शख्स ने उन्हें बार-बार गलत तरीके से छुआ. चेल्लो उस समय अरुणाचल प्रदेश की ओर से नेशनल यूथ पार्लियामेंट में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली जा रही थीं. 

इंस्टाग्राम पर भी बनाई पहचान
नेशनल यूथ पार्लियामेंट के बाद चेल्लो ने सोशल मीडिया पर अपना कंटेंट बनाना जारी रखा और इंस्टाग्राम पर भी उनकी अच्छी-खासी फैन फॉलोइंग बन गई. वो अपने फनी और रिलेटेबल कंटेंट के लिए जानी जाती हैं. ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में नजर आने से पहले इंस्टाग्राम पर चेल्लो के करीब 77 हजार फॉलोअर्स थे. शो में अपने बेबाक और मजेदार अंदाज से उन्होंने दर्शकों का ध्यान खींचा और इसके बाद उनकी फैन फॉलोइंग तेजी से बढ़ी. अब इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर्स 1.76 लाख हो गए हैं.

ये भी पढ़ें:- ‘मैं हमेशा तुम्हारे साथ खड़ी हूं…’, जन्नत जुबैर के बर्थडे पर शिवांगी जोशी ने लुटाया प्यार





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

banner