अरबी को अक्सर आलू के विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। फाइबर व विटामिन्स प्रचुर मात्रा में होने के कारण यह सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है। अरबी को कई तरह से पकाया जाता है। सूखी और रसीली अरबी तो…
अरबी को अक्सर आलू के विकल्प के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। फाइबर व विटामिन्स प्रचुर मात्रा में होने के कारण यह सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है। अरबी को कई तरह से पकाया जाता है। सूखी और रसीली अरबी तो आपने खाई होगी, लेकिन क्या आपने कभी अरबी का मुगलई दम स्वाद चखा है? इसके अलावा दही वाली अरबी भी स्वाद में प्रयोग के लिए अच्छा विकल्प है तो फिर आप भी बनाकर देखिए दोनों रेसिपी-
मुगलई अरबी
अरबी को आप अपनी रेसिपी में आलू के विकल्प के रूप में भी इस्तेमाल कर सकती हैं। सेहतमंद गुणों से भरपूर अरबी को पराठे या पूरी के साथ खाया जाता है। अमूमन घरों में अरबी की सूखी सब्जी या रसीली सब्जी ही बनाई जाती है। मगर अरबी के साथ प्रयोग करके इसके स्वाद को और बढ़ाया जा सकता है। खासकर घर पर अगर मेहमान आने वाले हैं मुगलई दम अरबी और दही वाली अरबी आपको जरूर तारीफ दिलाएगी।
सामग्री
अरबी- 500 ग्राम, इलायची- 1
लौंग- 4 , धनिया पाउडर- 2 चम्मच
लाल मिर्च पाउडर- 1 चम्मच
हल्दी पाउडर- 1 चम्मच
क्रीम- 1/4 कप,दही- 1/2 कप
नमक- स्वादानुसार, घी- आवश्यकतानुसार
सूखे मेवे- गार्निशिंग के लिए, पेस्ट बनाने के लिए
बारीक कटा प्याज- 2, खसखस- 2 चम्मच
काजू- 5, बारीक कटा अदरक- 1 चम्मच
बारीक कटा लहसुन- 4 कलियां
विधि :
अरबी को अच्छी तरह से धोकर उसका छिलका छील लें और बीच से काट दें। खसखस को गर्म पानी में भिगोएं और काजू को भी गुनगुने पानी में भिगो दें। कड़ाही में थोड़ा-सा घी गर्म करें और उसमें अरबी के टुकड़े डालें। सुनहरा व मुलायम होने तक पकाएं। टिश्यू पेपर पर निकालकर रख दें। उसी कड़ाही में एक चम्मच घी और गर्म करें। बारीक कटे प्याज को सुनहरा होने तक भून लें। गैस ऑफ करें। खसखस और काजू को पानी से निकालें। ग्राइंडर में प्याज, खसखस, काजू, अदरक, लहसुन व थोड़ा-सा पानी डालकर पीस लें। उसी कड़ाही में फिर से थोड़ा घी गर्म करें और हरी इलायची व लौंग डालें। कुछ सेकेंड बाद प्याज वाला पेस्ट कड़ाही में डालकर कुछ मिनट तक भूनें। अब दही, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और गर्म मसाला पाउडर डालकर लगातार चलाते हुए मसालों को पकाएं। भुनी हुई अरबी, नमक व क्रीम डालकर मिलाएं। जरूरत महसूस हो तो थोड़ा-सा पानी ग्रेवी को पतला करने के लिए डाल दें। कड़ाही को ढककर अरबी को धीमी आंच पर 10 मिनट तक पकाएं। सूखे मेवे से गार्निश कर नान के साथ सर्व करें।


