पार्टी में स्नेक्स क्या-क्या सर्व किया जाए, यह चुनौती भी कुछ कम नहीं होती। इस चुनौती को थोड़ा कम करने में तरह-तरह के टिक्का आपकी मदद कर सकते हैं। टिक्कों की मजेदार रेसिपी बता रही हैं अलका…
पार्टी में स्नेक्स क्या-क्या सर्व किया जाए, यह चुनौती भी कुछ कम नहीं होती। इस चुनौती को थोड़ा कम करने में तरह-तरह के टिक्का आपकी मदद कर सकते हैं। टिक्कों की मजेदार रेसिपी बता रही हैं अलका वर्मा
1-स्मोक्ड तंदूरी पनीर टिक्का
सामग्री
-पनीर- 300 ग्राम
-गोल छल्ले में कटा प्याज- 1 कप
-शिमला मिर्च- 1, टुकड़ों में कटा
-तेल- आवश्यकतानुसार
-कोयला- 2 टुकड़ा
-मैरीनेट करने के लिए सामग्री
-गाढ़ा दही- 1 कप
-बेसन- 3 चम्मच
-पुदीना पत्ती- 6
-लहसुन- 3 कलियां
अदरक- 1 टुकड़ा
-सौंफ- 1 चम्मच
-अजवाइन- 1/2 चम्मच
-केसर- चुटकी भर
-जीरा पाउडर- 1/2 चम्मच
-धनिया पाउडर- 1/2 चम्मच
-काली मिर्च पाउडर- 3/4 चम्मच
-हल्दी पाउडर- 3/4 चम्मच
-काला नमक- 1/4 चम्मच
-नमक- स्वादानुसार
विधि-
पनीर को डेढ़ इंच लंबे टुकड़ों में काट लें। सौंफ को सूखा भून कर पाउडर तैयार कर लें। एक बड़ी कटोरी में प्याज के छल्लों और शिमला मिर्च को डालें। उसमें नीबू का रस, चाट मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह से मिला लें। तंदूरी पनीर टिक्का बनाने के लिए एक बड़े बर्तन में दही और बेसन डालकर अच्छी तरह से फेंट लें। ग्राइंडर में अदरक, लहसुन और पुदीना पत्ती डालकर बारीक पेस्ट तैयार कर लें। इसमें अजवाइन और सौंफ का पाउडर डालकर भी मिलाएं।
इस पेस्ट को दही वाले मिश्रण में डालकर मिलाएं। मैरीनेट करने के लिए अन्य सामग्री को भी इस मिश्रण में डालकर अच्छी तरह से मिलाएं। पनीर के टुकड़ों को इस मिश्रण में डालकर मिलाएं। बर्तन को ढककर एक से दो घंटे के लिए छोड़ दें। जब पनीर अच्छी तरह से मैरीनेट हो जाए तो नॉनस्टिक पैन को गर्म करें। इससे पहले कोयले को आग के ऊपर जलाकर लाल कर लें।
स्टील की एक छोटी कटोरी में जले हुए कोयले को रखें। पैन में थोड़ा-सा तेल डालें और उसमें मैरीनेट किया हुआ पनीर डालें। कोयले वाली कटोरी को पैन के बीच में डालें। कोयले के ऊपर हल्का-सा घी डालें। पैन को ढककर पनीर के टुकड़े को दोनों ओर से पकाएं। पनीर के टुकड़ों में स्मोक्ड फ्लेवर आ जाएगा। तैयार तंदूरी पनीर टिक्का को प्याज के छल्लों और शिमला मिर्च के साथ सर्व करें।
2-मशरूम टिक्का मसाला
सामग्री-
-बीच से कटा बटन मशरूम- 2 कप
-कटी हुई हरी शिमला मिर्च- 1/2 कप
-कटा प्याज- 1/2 कप
-गाढ़ा दही- 1/4 कप
-बेसन- 2 चम्मच
-अदरक-लहसुन पेस्ट- 1 चम्मच
-हल्दी पाउडर- 1/2 चम्मच
-कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर- 1 चम्मच
-गरम मसाला पाउडर- 2 चम्मच
-चाट मसाला पाउडर- 1/2 चम्मच
-नींबू का रस- 1 चम्मच
-तेल- 2 चम्मच
-नमक- स्वादानुसार
-कसूरी मेथी- आवश्यकतानुसार
विधि-
एक बड़े बर्तन में दही, बेसन, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, गरम मसाला और चाट मसाला डालकर अच्छी तरह से मिलाएं। कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें लहसुन की कलियों को डालकर सुनहरा होने तक भूनें। प्याज और शिमला मिर्च कड़ाही में डालें। प्याज के पारदर्शी होने तक भूनें।
अब मशरूम को कड़ाही में डालें और मशरूम का पानी सूखने तक भूनें। सबसे अंत में बेसन व दही वाला मिश्रण कड़ाही में डालकर मिलाएं। कच्चे बेसन की खुशबू जाने तक और ग्रेवी के गाढ़े होने तक पकाएं। नमक एडजस्ट करें। कसूरी मेथी और नीबू का रस डालकर मिलाएं। गैस ऑफ करें और परांठे के साथ गर्मागर्म सर्व करें।
3-फिश टिक्का
सामग्री-
-मछली – 500 ग्राम
-नीबू का रस- 1 चम्मच
-अदरक-लहसुन पेस्ट- 2 चम्मच
-हल्दी पाउडर- चुटकी भर
-जीरा पाउडर- 1 चम्मच
-धनिया पाउडर- 1/2 चम्मच
-गरम मसाला- 1/2 चम्मच
-लाल मिर्च पाउडर- 1 चम्मच
-काली मिर्च पाउडर- 1/4 चम्मच
-दही- 1/4 कप
-नमक- स्वादानुसार
-लकड़ी की सींक- 6
-नींबू का टुकड़ा- सर्व करने के लिए
विधि-
लकड़ी की सींक को 20 मिनट के लिए पानी में भिगोएं। मछली के टुकड़े को अच्छी तरह से धोकर एक बर्तन में डालें। उसमें नीबू का रस और हल्का-सा नमक डालकर मिलाएं और 10 मिनट के लिए छोड़ दें। ग्राइंडर में अदरक, लहसुन, जीरा पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, नमक और दही डालें। बारीक पेस्ट तैयार कर लें।
जरूरत महसूस हो तो उसमें थोड़ा-सा पानी भी डाल दें। इस मिश्रण को मछली के टुकड़ों के ऊपर डालें और अच्छी तरह से मिलाएं। ढककर 15 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें। मछली के टुकडों को एक-एक करके सींक में पिरोएं। ग्रिलर में डालकर मछली के टुकड़ों को दोनों ओर से पकाएं। नीबू के टुकड़ों के साथ सर्व करें। अगर आपके पास ग्रिलर नहीं है तो आप नॉनस्टिक पैन पर भी इस फिश टिक्के को मध्यम आंच पर पका सकती हैं।
4-धनिया पुदीना चिकन टिक्का-
सामग्री
-चिकन- 250 ग्राम
-नींबू का रस- 2 चम्मच
-चाट मसाला- स्वादानुसार
-तेल- आवश्यकतानुसार
मैरीनेट करने के लिए-
-धनिया पत्ती- 5 टहनी
-पुदीना- 3 टहनी
-गाढ़ा दही- 2 चम्मच
-बारीक कटी मिर्च- 2
-कद्दूकस किया अदरक- 1/2 चम्मच
-लहसुन- 4 कली
-नमक- स्वादानुसार
विधि-
चिकन को अच्छी तरह से साफ करके धो लें। उसे छोटे टुकड़ों में काटकर कांटे की मदद से उसमें छेद करके रख लें। मैरीनेट करने के लिए मसाला बनाने के लिए ग्राइंडर में धनिया, पुदीना, दही, हरी मिर्च, अदरक, लहसुन और नमक डालकर बारीक पेस्ट तैयार कर लें। इसमें चिकन के टुकड़ों को डालकर मिलाएं और एक घंटे के लिए फ्रिज में रख दें।
अब एक ग्रिल पैन को गर्म करें। उसके ऊपर मैरीनेट किए हुए चिकन के टुकड़ों को डालें। चिकन को मुलायम व सुनहरा होने तक मध्यम आंच पर पकाएं। सर्विंग प्लेट में इस चिकन टिक्का को निकालें। चाट मसाला और नीबू का रस ऊपर से डालें और सर्व करें।


