टीवी शोज के अपकमिंग एपिसोड्स में ड्रामा, इमोशन, रिश्तों की उलझन और चौंकाने वाले ट्विस्ट देखने को मिलने वाले हैं. कहीं किसी किरदार की जिंदगी में बड़ा बदलाव आएगा, तो कहीं परिवार के बीच बढ़ती दूरियां कहानी को नया मोड़ देंगी. वहीं कुछ शोज में प्यार के बीच साजिशें और पुराने राज मुश्किलें बढ़ाते नजर आएंगे. अगर आप भी जानना चाहते हैं कि ‘अनुपमा’, ‘वसुधा’, ‘तुम से तुम तक’ और ‘गंगा माई की बेटियां’ जैसे पॉपुलर शोज में आगे क्या होने वाला है, तो चलिए जानते हैं इन टीवी सीरियल्स के लेटेस्ट स्पॉइलर.
‘अनुपमा’
रुपाली गांगुली के पॉपुलर शो ‘अनुपमा’ में अनुपमा और प्रेम के बीच कुकिंग कॉम्पिटिशन का फाइनल राउंड देखने को मिलेगा. मुकाबला अब और भी मुश्किल हो गया है, क्योंकि जजेज ने दोनों को रिफाइंड शुगर पाउडर और नमक की कटोरियां दी हैं. अनुपमा को बिना चखे इन दोनों की पहचान करनी है. काउंटडाउन शुरू होते ही अनुपमा नमक और चीनी पहचानने के लिए एक अनोखी तरकीब अपनाती हैं. वो मिर्च सूंघकर अंदाजा लगाने की कोशिश करती है. वहीं, अपनी डिश में मिठास के लिए वह चीनी की जगह गुड़ का इस्तेमाल करती है.
‘वसुधा’
ज़ी टीवी के पॉपुलर शो ‘वसुधा’ के अपकमिंग एपिसोड में बड़ा इमोशनल मोड़ देखने को मिलेगा. वसुधा देव की जान बचाने के लिए चौहान हाउस छोड़कर मुंडवा गांव पहुंच चुकी हैं और यहां ‘गौरी’ बनकर नई जिंदगी शुरू कर रही हैं. वहीं, चंद्रिका को लगातार किसी अनहोनी का डर सता रहा है. दूसरी तरफ, अपनी बेटी को बचाने के लिए हनुमंत बड़ा फैसला लेते हैं. पंडित जी की सलाह पर वो वसुधा की सलामती के लिए दिन में सिर्फ एक बार खाना खाने का कठिन व्रत शुरू करते हैं. हालांकि, व्रत शुरू होते ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगती है.
ये भी पढ़ें:- ‘मैं इनोसेंट थी और इनोसेंट रहूंगी’, ‘द ट्रेटर्स 2’ से एविक्शन के बाद इमोशनल हुईं रिया चक्रवर्ती
‘गंगा माई की बेटियां’
ज़ी टीवी के शो ‘गंगा माई की बेटियां’ के आने वाले एपिसोड में मुरली-सहाना के रिश्ते में बड़ा तूफान आने वाला है. सहाना के सूटकेस से काली की शर्ट मिलने पर मुरली का गुस्सा भड़क जाता है. सहाना सफाई देती हैं कि कपड़े समेटते वक्त शर्ट गलती से उनके सामान में आ गई होगी, लेकिन मुरली उनकी बात नहीं मानता. वो शर्ट को सबके सामने जला देता है और सहाना पर धोखा देने का आरोप लगाकर वहां से चला जाता है. वहीं, सिद्धू और स्नेहा के बीच प्यार बढ़ता नजर आएगा. स्नेहा को गिरने से बचाते हुए सिद्धू उसे अपनी बाहों में थाम लेते हैं और दोनों के बीच रोमांटिक पल देखने को मिलेगा. दूसरी तरफ, पूर्वी और इंदु रानी दोनों को अलग करने की साजिश रचती हैं.
‘तुम से तुम तक’
ज़ी टीवी के शो ‘तुम से तुम तक’ के अपकमिंग एपिसोड में आर्यावर्धन की असली पहचान सामने आने के बाद परिवार में बड़ा हंगामा देखने को मिलेगा. मानसी आर्या को खूब खरी-खोटी सुनाएगी और कहेगी कि इतने सालों तक वो सिर्फ बड़े बेटे होने का दिखावा करता रहा, जबकि इस घर के असली हकदार यशवर्धन हैं. इसके बाद मानसी आर्या से उसका कमरा खाली करने को कहेगी और बताएगी कि अब वहां यश और मीरा रहेंगे. आर्यावर्धन बिना किसी बहस के यश के हक के लिए अपना कमरा छोड़ देगा. इसके बाद वो और अनु अपना सामान पैक करके छोटे कमरे में शिफ्ट हो जाएंगे. आर्या के साथ हो रहे इस बर्ताव को देखकर गायत्री का दिल टूट जाएगा.
ये भी पढ़ें:- सलमान खान ने कुकू कोहली के निधन पर जताया दुख, पत्नी अरुणा ईरानी को दी हिम्मत

